केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट द्वारा कार्रवाई में कुल 2046.850 किलोग्राम डोडा चूरा एवं 01 अशोक लेलैंड कंटेनर ट्रक जब्त और एक व्यक्ति गिरफ्तार।

संवाददाता: रिज़वान खान रिपोर्ट
कोटा राजस्थान
“नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दिनांक 14 जून 2026 को कुल 2046.850 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा एवं एक अशोक लेलैंड कंटेनर ट्रक को जब्त किया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
विशिष्ट खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी कि हरियाणा पंजीकरण संख्या वाला एक कंटेनर ट्रक जावरा-मंदसौर क्षेत्र से पंजाब की ओर भारी मात्रा में अवैध डाडा चूरा लेकर जा रहा था। सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) जिला अफीम अधिकारी चित्तौड़गढ़-2 एवं CBN कोटा के अधिकारियों की एक टीम गठित कर 13 जून 2026 को खाना किया गया तथा संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी गई। निगरानी के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध कंटेनर ट्रक की पहचान कर उसे NH-27 (बारां-कोटा रोड) पर देवरी गांव, तहसील शाहबाद, जिला बारां स्थित दोस्ताना ढाबा के सामने रोक लिया। ट्रक की गहन तलाशी लेने पर चालक के केबिन और कंटेनर के बीच एक विशेष रूप से निर्मित गुप्त चैंबर पाया गया। उक्त चैंबर का आउटलेट सामने के दो टायरों के बीच स्थित था, जिसे हल्की वेल्डिंग के माध्यम से बंद किया गया था ताकि इसकी पहचान न हो सके। गुप्त चैंबर को खोलकर तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 101 बोरियों से कुल 2046.850 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, बरामद 2046.850 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा तथा परिवहन में प्रयुक्त अशोक लेलैंड कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया गया है और एक आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।
उपरोक्त कार्रवाई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) अधिकारियों की कडी मेहनत, सतर्कता एवं समर्पण का प्रत्यक्ष परिणाम है। “नशा मुक्त भारत अभियान’ की शून्य सहनशीलता नीति के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क एवं ड्रग कार्टेल्स को पूर्णतः समाप्त करना है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा समाज को नशामुक्त बनाने हेतु कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।




