काशी में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- भाजपा जाएगी तो मुस्कुराएगा बनारस।

संवाददाता: आशीष सिंह
वाराणसी
वाराणसी की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की दोनों विधान परिषद (एमएलसी) सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को पहली बार काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के जाने पर बनारस के किसान और युवा मुस्कुराएंगे।
एमएलसी चुनाव में जीत को बताया बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद अखिलेश यादव ने वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर सपा की जीत को बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक सीट से आशुतोष सिन्हा और स्नातक सीट से लाल बिहारी यादव की जीत जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने इसे पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।
क्योटो मॉडल और मेट्रो को लेकर सरकार पर उठाए सवाल काशी को क्योटो बनाने के भाजपा के वादे पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनारस को क्योटो तो नहीं बना पाई, कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देती। उन्होंने शहर में नालों की समस्या और मेट्रो निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेट्रो निर्माण का काम कराया जाएगा।
गंगा की स्वच्छता और बुनकरों की बदहाली पर घेरा
अखिलेश यादव ने काशी के बुनकरों की आर्थिक स्थिति और मां गंगा की स्वच्छता को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बुनकरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया है और गंगा की स्वच्छता को लेकर किए गए वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। धार्मिक मुद्दों पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने बाबा विश्वनाथ और केदारेश्वर मंदिर का जिक्र किया। साथ ही भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के नाम पर हो रही राजनीति को लेकर भी सवाल उठाए।
दिवंगत सपा नेता राजेश यादव के परिजनों से की मुलाकात
काशी दौरे के दौरान अखिलेश यादव सीर गोवर्धनपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत सपा नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव उर्फ नत्थू के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का जाना हालचाल
इसके बाद वह युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय फौजी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने लंबे समय से बीमार चल रहे सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सुंदरपुर में संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन
अखिलेश यादव सुंदरपुर स्थित लता कुंज में पूर्व आईआरएस अधिकारी राजेश सिंह के आवास भी पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर एमएलसी चुनाव के परिणाम, संगठन की स्थिति, पीडीए की राजनीतिक गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
अखिलेश यादव के काशी दौरे और भाजपा सरकार पर उनके तीखे राजनीतिक हमलों से वाराणसी का सियासी माहौल गरमा गया है। दोनों एमएलसी सीटों पर जीत के बाद समाजवादी पार्टी इसे आगामी चुनावों के लिए उत्साहजनक उपलब्धि मान रही है।




