यूनिसेफ की पत्रिका ‘मेरे बदलाव की कहानी’ में प्रकाशित हुई कक्षा आठ के छात्र की प्रेरणादायी कहानी।
संवाददाता: जितेंद्र जायसवाल सपालू
फूलपुर/ वाराणसी
विकास खंड पिंडरा के कंपोजिट विद्यालय मंगारी के कक्षा आठ के छात्र अनंत कुमार की प्रेरणादायी कहानी ‘नाम से नहीं, काम से पहचान’ को यूनिसेफ की पत्रिका ‘मेरे बदलाव की कहानी’ में स्थान मिला है। प्रदेश स्तर पर चयनित कहानियों में अनंत की कहानी को 18वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल छात्र अनंत कुमार, बल्कि विद्यालय, विकास खंड पिंडरा और जनपद वाराणसी के लिए भी गौरव की बात है। अनंत की इस उपलब्धि पर प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) उमेश कुमार शुक्ला, एडी बेसिक हेमंत राव, बीएसए भूपेंद्र सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य छात्र-छात्राओं को भी रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करेंगी।
शनिवार को प्राथमिक विद्यालय मंगारी प्रथम के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने छात्र अनंत कुमार को सम्मानित किया। शिक्षकों ने उसकी प्रतिभा और उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान प्रधानाध्यापक अजय राय, अवनीश कुमार, राजेश मौर्य, प्रियम्बदा मिश्रा, कृपाशंकर पटेल, बिंदुलता समेत विद्यालय के अनेक शिक्षक मौजूद रहे।




