कार और बाइक की टक्कर में दो घायल, खाई में पलटी इनोवा रानीपुर बाईपास पर हादसा, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

संवाददाता: नीलेश पटेल
जौनपुर/मड़ियाहूं
मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रानीपुर बाईपास पर रविवार की शाम करीब 6 बजे कार और बाइक की टक्कर में बाइक चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र के परसुपुर गांव निवासी उदयराज पटेल मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के जमलिया गांव स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। रविवार की शाम वह बाइक से मड़ियाहूं बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह रानीपुर बाईपास पर पहुंचे, पीछे से आ रही एक इनोवा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक सवार उदयराज पटेल सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं, कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार सरौना गांव निवासी गोविंदा गौतम भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है।




