शिक्षकों का सम्मान समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान – डॉ. सुनील पटेल

संवाददाता: आशीष सिंह
रोहनिया/वाराणसी
भुल्लनपुर स्थित ब्लॉक रिसोर्स सेंटर पर शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक एवं अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुनील पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों का विकास कर उन्हें जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। शिक्षक समाज का निर्माता और मार्गदर्शक होता है।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को माला, अंगवस्त्र, पेन एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से समाज में अनुशासन, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ समाजसेवा में सक्रिय रहने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला महासचिव राजकुमार कश्यप, जिला अध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह, अखिलेश ‘देवराज’, राहुल चौहान, बृजेश पटेल, बबलू पटेल, विनोद पटेल सहित जिला, विधानसभा, सेक्टर, जोन एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




