बुजुर्ग महिला को चेक दिलाने का झांसा देकर तीन लाख के जेवर ठगे, पुलिस जांच का इंतजार।

संवादाता : एस बी सिंह (निडर)
वाराणसी
चोलापुर थाना क्षेत्र की चंदापुर चौकी अंतर्गत ठगों ने चेक दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद पुलिस अगले दिन मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची।
भवर-चमरहा बाजार निवासी 68 वर्षीय पन्नो देवी, पत्नी स्वर्गीय बचानू साव गुप्ता, शनिवार शाम करीब चार बजे अपनी पोती के लिए अनार का जूस लेकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में एक महिला और एक युवक ने उन्हें किसी योजना का चेक दिलाने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठाकर सुनसान ग्रामीण क्षेत्र में ले गए।
वहां दोनों ने बातों में उलझाकर पन्नो देवी के कान की बाली, सोने की चेन, चांदी का पायल समेत करीब तीन लाख रुपये मूल्य के जेवर उतरवा कर ले लिए और फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंचने पर पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पीड़िता के पुत्र राकेश गुप्ता ने चंदापुर चौकी पहुंचकर लिखित तहरीर दी। उनका आरोप है कि पुलिस ने रविवार सुबह करीब 10 व 11बजे मौके पर पहुंचकर जांच करने का आश्वासन दिया था, लेकिन पुलिस टीम नहीं पहुंची।




