चंन्दौली नौगढ़ भरदुआ में बुलडोजर कार्रवाई पर गरजे सांसद छोटेलाल खरवार, बोले— “गरीबों पर जुल्म बर्दाश्त नहीं, सड़क से संसद तक लड़ूंगा।

संवाददाता: बलवंत यादव
चंदौली
नौगढ़ विकासखंड के भरदुआ गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई अब राजनीतिक तूल पकड़ती नजर आ रही है। प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे सांसद छोटेलाल खरवार ने प्रशासन और वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
पीड़ित किसानों से मुलाकात के बाद सांसद ने कहा कि यदि किसी गरीब, किसान या आदिवासी परिवार के साथ अन्याय हुआ तो वह इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पुरी ताकत से लड़ेंगे।
सांसद ने आरोप लगाया कि वन विभाग और राजस्व विभाग की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं दिख रही है। उनका कहना था कि जिन किसानों का वर्षों से भूमि पर कब्जा है, उन्हें अचानक उजाड़ने की कार्रवाई उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों को बचाने और गरीबों पर कार्रवाई करने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सांसद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून के नाम पर गरीबों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि कार्रवाई से पहले प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच हो और पात्र लोगों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
भरदुआ की यह कार्रवाई अब जिले में बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा बनती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।




