नगर पंचायत रामपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क किनारे से हटवाए गए ।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
रामपुर ,जौनपुर
नगर पंचायत रामपुर में सोमवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह एवं रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए तथा लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर नगर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने चेतावनी दी कि बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक तारकेश्वर राय, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, लेखपाल विपिन यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, रतन बहादुर यादव तथा सहित नगर पंचायत एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




