स्वच्छ वातावरण से ही मिलेगा संचारी रोगों से सुरक्षा कवच: आकाश

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही संचारी रोगों से सुरक्षा कवच मिलेगा। ऐसे में इस कार्य में सफाई कर्मियों के साथ ही जनभागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अपने घर और क्षेत्र के साथ ही आसपास की स्वच्छता की भी जिम्मेदारी लें, जिससे गंदगी न हो और मच्छरजनित बीमारियों पर रोकथाम लग सके।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखे तथा जलभराव न होने दे, तो डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास गंदगी और रुके हुए पानी को तुरंत हटाया जाए तथा कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई की जाए। साथ ही लोगों से अपील की कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य केवल उपचार नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी दीपा सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




