निजी अस्पतालों में इलाज व्यवस्था पर सवाल, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर भी उठे प्रश्न,ग्लोबल, न्यू साकेत और ओम नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली कटघरे में।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
जनपद सीतापुर के नैपालापुर क्षेत्र में संचालित कुछ निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कुछ अस्पतालों में योग्य चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति नहीं रहती और कई बार मरीजों का उपचार अन्य स्टाफ के माध्यम से किया जाता है। इन शिकायतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नैपालापुर स्थित ग्लोबल नर्सिंग होम, अंबिकापुरम स्थित न्यू साकेत नर्सिंग होम तथा नैपालापुर चौराहा, लखीमपुर रोड स्थित ओम नर्सिंग होम के बाहर चिकित्सकों के नाम प्रदर्शित हैं, लेकिन आरोप है कि अधिकांश समय संबंधित डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं रहते। लोगों का कहना है कि दैनिक चिकित्सा सेवाएं अन्य कर्मचारियों के माध्यम से संचालित की जाती हैं।
शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि कई बार गंभीर मरीजों का उपचार भी बिना चिकित्सक की प्रत्यक्ष निगरानी के किया जाता है, जिससे मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन का मामला हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अस्पतालों के लाइसेंस, चिकित्सकों की उपस्थिति, स्टाफ की योग्यता तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच कराए जाने की अपील की है। साथ ही, अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है।
फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक संबंधित अस्पताल प्रबंधन अथवा स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। संबंधित पक्ष का जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




