अम्बेडकरनगर,टांडा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई नामजद पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज।

संवाददाता: अदनान अहमद
अम्बेडकरनगर
अम्बेडकरनगर के टांडा कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, धमकी और दबंगई का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित राकेश यादव निवासी नेहरूनगर, टांडा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके साथी मोहम्मद अहमद की ग्राम पियारोपुर खास स्थित बैनामा शुदा जमीन पर कुछ भूमाफिया किस्म के लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसी शिकायत को लेकर मोहम्मद अहमद ने थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके बाद राजस्व कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।
आरोप है कि जब राजस्व टीम, मोहम्मद अहमद और राकेश यादव मौके पर पहुंचे, तब वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। हमले में राकेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर बेहोश हो गए।
तहरीर के अनुसार आरोपियों के पास अवैध असलहे और धारदार हथियार भी मौजूद थे। घटना के दौरान मोहम्मद अहमद द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने प्रदीप विश्वकर्मा निवासी मुबारकपुर टांडा, बागेश पाण्डेय निवासी कोटवा महमदपुर अकबरपुर, विनोद तिवारी तथा अवधेश दूबे उर्फ मनोज दूबे समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3) और 110 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




