रज़ा लाइब्रेरी में ‘द वर्ल्ड इज़ पोएट्री’ प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडलायुक्त ने किया उद्घाटन, 28 अक्टूबर तक दरबार हॉल में होगा अवलोकन।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
रामपुर रज़ा लाइब्रेरी एवं म्यूज़ियम के दरबार हॉल में गुरुवार को ‘द वर्ल्ड इज़ पोएट्री’ शीर्षक से विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडलायुक्त मुरादाबाद मंडल श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी की उपस्थिति में किया।
प्रदर्शनी 15 से 28 अक्टूबर तक आमजन, साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कला में रुचि रखने वालों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में रामपुर में जन्मे चित्रकार यासीन ख़ान की कलात्मक दृष्टि को केंद्र में रखते हुए कविता और चित्रकला के अनूठे संबंध को प्रस्तुत किया गया है। इसमें मिर्ज़ा ग़ालिब, रवीन्द्रनाथ टैगोर, पियर पाओलो पासोलिनी और फर्नांडो पेसोआ जैसे प्रतिष्ठित साहित्यकारों के विचारों एवं उद्धरणों को भी शामिल किया गया है यासीन ख़ान की रामपुर से मुंबई, इटली और पेरिस तक की कलात्मक यात्रा भारतीय और यूरोपीय साहित्य एवं कला के संगम को दर्शाती है।
मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने रज़ा लाइब्रेरी की ऐतिहासिक और वैश्विक महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे जीवंत सांस्कृतिक संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कला एवं साहित्य से जुड़े कार्यक्रमों, हेरिटेज ट्रेल्स और ‘रज़ा लाइब्रेरी स्ट्रीट’ जैसी पहल के सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि कला और कविता मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने के सशक्त माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजन युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रदर्शनी को रामपुर के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि साहित्यिक उद्धरण भाषा और संस्कृति की सीमाओं से परे मानवीय भावनाओं की समानता को दर्शाते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए लाइब्रेरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक एवं वरिष्ठ तकनीकी रेस्टोरर अरुण कुमार सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ कला, साहित्य और रचनात्मक विचारों को आमजन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शाज़िया हसन ने किया। इस अवसर पर विद्वतजन, साहित्यप्रेमी, मीडिया प्रतिनिधि और सीआईएसएफ के सदस्य उपस्थित रहे




