कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, बाइक सवार गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर।

संवाददाता: आशीष सिंह
मड़ियाहूं/जौनपुर
मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय भवानिगंज के सामने शनिवार को कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेवढ़िया थाना क्षेत्र के महेवा गांव निवासी विवेक पटेल अपनी बाइक से किसी कार्य से वाराणसी जनपद के कुआर बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह भवानिगंज के पास पहुंचे, बाबतपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार (UP65FN7373) से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक करीब 20 फीट उछलकर सड़क किनारे नीम के पेड़ की डाल से टकराया और फिर दूर जाकर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बाइक का अगला हिस्सा और पेट्रोल टैंक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी रामपुर भेजा गया। कार चालक एवं वाहन मालिक भी घायल के साथ अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।




