. सोनेलाल पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक, वंचितों को उनका अधिकार दिलाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि: अनुप्रिया पटेल 17वें परिनिर्वाण दिवस पर डॉ. सोनेलाल पटेल को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, उनके संघर्षों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प।

संवाददाता: आशीष सिंह
प्रतापगढ़
डॉ. सोनेलाल पटेल की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, जीआईसी ग्राउंड में दिखा अपना दल (एस) का महाशक्ति प्रदर्शन अपना दल (एस) के संस्थापक, शोषितों-वंचितों, किसानों-कमेरों के मसीहा यशःकायी डॉ. सोनेलाल पटेल जी के 17वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आज जनपद के जीआईसी ग्राउंड में विशाल श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में *बतौर मुख्य अतिथि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी* शामिल हुईं। पूरा जीआईसी ग्राउंड हजारों कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल हम सभी के प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के कमजोर, वंचित एवं शोषित वर्गों को उनका अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार, संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन अपना दल परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए अत्यंत भावुक अवसर है। आप सभी ने अपनी भारी उपस्थिति से इस अवसर को ऐतिहासिक बना दिया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का यहां पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि डॉ. सोनेलाल पटेल के विचार आज भी उतने ही जीवंत, प्रासंगिक और प्रभावशाली हैं। लंबी दूरी तय करके आना, यह डॉ. साहब के प्रति आपकी अगाध श्रद्धा और सामाजिक परिवर्तन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष, मंच पर उपस्थित राष्ट्रीय पदाधिकारियों तथा प्रतापगढ़ की समस्त कार्यकारिणी और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कहा कि सभी साथियों के अथक परिश्रम ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है।
*डॉ. सोनेलाल पटेल केवल राजनेता नहीं, सामाजिक न्याय के जननायक थे -*
उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि वह सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले जननेता थे। उन्होंने उस समाज की आवाज बनने का काम किया, जिसे सदियों से दबाया गया। उनका साहस, उनकी वैचारिक स्पष्टता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव याद रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. साहब ने पिछड़ों, दलितों, शोषितों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और समझाया कि संविधान ने जो सबसे शक्तिशाली अधिकार दिया है, वह वोट का अधिकार है। उन्होंने सदैव जोर दिया कि किसी भी छोटे-बड़े चुनाव में मतदाता को किसी प्रलोभन, लालच में आकर अपने मताधिकार का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। आपका एक वोट सत्ता और व्यवस्था में परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है।
*पिछड़ा वर्ग मंत्रालय की मांग को दोहराया -*
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल ने लोकतंत्र के प्रत्येक स्तंभ में वंचित एवं पिछड़े वर्गों की समुचित भागीदारी का प्रश्न उठाया था। पिछड़ा वर्ग देश की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। डॉ. साहब लंबे समय से पिछड़ा वर्ग के लिए एक अलग मंत्रालय की आवश्यकता पर जोर देते रहे थे। अलग मंत्रालय होने से इस वर्ग के कल्याण की योजनाओं की बेहतर निगरानी, प्रभावी क्रियान्वयन और बजट पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।
*जनता ही सबसे बड़ी ताकत -*
उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर लोकसभा तक की यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि डॉ. साहब की वैचारिक विरासत और लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग का परिणाम है। जनता के आशीर्वाद से ही पार्टी के प्रतिनिधि सदन तक पहुंचते हैं। अभी मंजिल दूर है, जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, अवसर और उचित भागीदारी नहीं मिलती, तब तक सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
अंत में उन्होंने मीडिया का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि डॉ. साहब के सपनों का समाज बनाने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
*डॉ. सोनेलाल पटेल अमर रहें! सामाजिक न्याय जिंदाबाद!
इस अवसर पर प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री श्री आशीष पटेल, प्रदेश अध्यक्ष जाटव आर. पी. गौतम, विधायक, जिलाध्यक्ष सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष सहित समस्त टीम ने अथक परिश्रम किया।




