Welcome to SNS TV   Click to listen highlighted text! Welcome to SNS TV
यूपी

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, 2018 के आदेश के बाद भी कब्जा न मिलने पर कानूनगो को लगाई फटकार।

संवाददाता: आशीष सिंह 

पिंडरा, वाराणसी

पिंडरा तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार ने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। वर्ष 2018 के न्यायालयी आदेश के बावजूद पैतृक भूमि पर कब्जा न दिलाए जाने के मामले में उन्होंने संबंधित कानूनगो को फटकार लगाते हुए तत्काल कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि विवाद, सीमांकन और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में लेखपालों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

समाधान दिवस में कुल 117 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से केवल 12 का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष मामलों के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजपुर निवासी ऊदल पटेल ने शिकायत की कि उनके पिता की पैतृक भूमि फर्जीवाड़े से दूसरे लोगों के नाम दर्ज करा दी गई थी। फर्जी बैनामा निरस्त होने और एसडीएम न्यायालय के आदेश के बावजूद आज तक उन्हें भूमि पर कब्जा नहीं मिला। इस पर डीएम ने संबंधित कानूनगो को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए लापरवाही पर नाराजगी जताई।

करखियांव निवासी अधिवक्ता अश्वनी सिंह राजपूत ने एयरपोर्ट विस्तार कार्य के दौरान सूर्यनारायण इंटर कॉलेज से रघुनाथपुर मार्ग तक धूल, मिट्टी और प्रदूषण फैलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क पर मिट्टी जमा होने से बरसात में फिसलन और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतराज माथुर ने तहसील परिसर में बाहरी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाने के लिए मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग की। इस पर डीएम ने उपजिलाधिकारी को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अजईपुर के प्रधान उदयभान ने अपात्र लोगों को वृद्धावस्था पेंशन मिलने, रामपुर की प्रमिला देवी ने सरकारी चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा फत्तेपुर के राजमन यादव ने सार्वजनिक कुएं को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में एसडीएम कुंदन राज कपूर, डीसीपी नीतू कादयान, तहसीलदार नेहा राजवंशी, एसीपी प्रशांत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, कुलवंत सिंह, श्वेता पटेल, प्राची केशरवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!