चेकिंग अभियान में दो बसें सीज, एक बस का चालान कर लगाया गया 90 हजार रुपये का जुर्माना।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा बिना वैध अभिलेखों के संचालित वाहनों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत शनिवार प्रातः 3:00 बजे से 7:30 बजे तक शाहाबाद मंडी क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बसों की गहन जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो बसों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त एक बस का चालान करते हुए उस पर 90,000 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यात्री सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। वाहन स्वामियों एवं संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा परिवहन नियमों का पूर्णतः पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।




