नीट यूजी-2026 परीक्षा की तैयारियों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
नीट यूजी-2026 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने रामपुर शहर स्थित राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज में बनाये गये परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापक को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सतत निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।




