मछलीशहर को बड़ी स्वास्थ्य सौगात: PHC बड़ागांव अब बनेगा CHC।

मछलीशहर जौनपुर
क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़ागांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
यह निर्णय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। CHC बनने के बाद यहां पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और उन्नत उपचार सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे क्षेत्रवासियों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि मछलीशहर के हर परिवार तक बेहतर इलाज पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और इसी लक्ष्य के तहत यह प्रयास किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की सेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है।




