नरहरपुर में पेयजल संकट गहराया, खराब पड़े सरकारी नल; गंदे पानी से बीमारी फैलने का खतरा।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
जनपद सीतापुर के विकासखंड हरगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत नरहरपुर में पेयजल व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। गांव में कई सरकारी नल खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर नलों की मरम्मत के नाम पर लगातार धन निकाला जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई सरकारी नल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जबकि कुछ नलों से बेहद गंदा और दूषित पानी निकल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में लोग वही पानी पीने को विवश हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गांव के लोगों ने इसे पंचायत की बड़ी लापरवाही बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खराब नलों की मरम्मत और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई तो गांव में बीमारी फैल सकती है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।




