लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और मैजिक की भिड़ंत में दो महिलाओं समेत नौ की मौत।

संवाददाता: अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी के थाना ईसानगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने भिड़ंत में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार प्रातः करीब 7 बजे मैजिक वाहन में सवार होकर 10 लोग कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बरेठा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से मैजिक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी धौरहरा, थाना ईसानगर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में सात पुरुषों और दो महिलाओं की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ओयल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।एसडीएम धौरहरा ने बताया कि हादसे में मृत सभी नौ लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की वजह माना जा रहा है। मुख्ययमंत्री योगी आदित्यानाथ ने इस सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर घायलों का उचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्हों ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई है। पुलिस और जिला प्रशासन की तरफ से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद उनके घरवालों को सूचना दी जाएगी।




