गोपालापुर-रामनगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा मड़ियाहूँ क्षेत्र।

संवाददाता: आशीष सिंह
मड़ियाहूं/जौनपुर
मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र के गोपालापुर, रामनगर में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख अरविंद सिंह मखड़ू, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा गोपालापुर से प्रारंभ होकर रामनगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई मुख्य बाजार तक पहुँची, जहाँ राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य है।




