गुवाहाटी में कला और ममता का अनूठा संगम: ‘इवेंट्स इनफिनिटी’ का रवींद्र जयंती-मदर्स डे उत्सव भावविभोर कर गया।

संवाददाता: अनुराग पटेल
गुवाहाटी
रविवार शाम शहर ने कला, संस्कृति और मातृत्व के एक भावपूर्ण संगम का साक्षात्कार किया। ‘इवेंट्स इनफिनिटी’ द्वारा नीलगिरि मेंशन, भांगागढ़ में आयोजित “जहाँ ममता की छाँव हो और गुरुदेव की वाणी” कार्यक्रम ने विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की कालजयी रचनाओं और माँ के निस्वार्थ प्रेम को एक सूत्र में पिरोकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। एक्टर अक्की अवकाश जैन जम्मड़ और निशांत बगड़िया के संयोजन में आयोजित इस शाम ने हर किसी के दिल को छू लिया। संस्था के संस्थापक और प्रमुख, एक्टर अक्की अवकाश जैन जम्मड़ ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करने का एक जरिया है। संयोगवश इस वर्ष रवींद्र जयंती और मदर्स डे एक ही दिन होने के कारण, ‘इवेंट्स इनफिनिटी’ ने इसे एक यादगार अनुभव बनाने की पूरी तैयारी कर ली। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुर सप्तक संगीतालय के प्रभारी बिकाश भोवाल तथा विशिष्ट अतिथि मौचुमी बोरा चौधरी (भाजपा महिला मोर्चा), गायक मनीष जैन (काला) और एक्टर शरीफुल हक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बिकाश भोवाल ने कहा कि गुरुदेव की वाणी और माँ की ममता को एक मंच पर लाना अत्यंत सराहनीय प्रयास है। समारोह में काश्वी रॉय, अद्रिजा दत्ता और प्रखर जैन द्वारा प्रस्तुत रवींद्र संगीत की शास्त्रीय प्रस्तुतियों ने माहौल को बेहद गमगीन और यादगार बना दिया। टैगोर की मातृत्व पर आधारित विशेष रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही बंगाली संस्कृति और आधुनिक भावों के मेल को दर्शाती नृत्य-नाटिका तथा काव्य पाठ ने भी खूब तालियाँ बटोरीं। इस अवसर पर मशहूर गायक जुबिन गर्ग और सुर सप्तक संगीतालय की संस्थापक बिदुशी डालिया दत्ता भोवाल को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डिम्पी देबनाथ द्वारा कार्यक्रम में लाइव बनाई गई रवींद्रनाथ टैगोर की ड्राइंग को मुख्य अतिथि को सम्मानपूर्वक भेंट किया गया। ‘इवेंट्स इनफिनिटी’ ने अपनी बेहतरीन कार्यशैली और यादगार प्रस्तुति से एक बार फिर शहरवासियों का दिल जीत लिया।




