निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया से चयनित 31 प्राविधिक सहायकों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
नवचयनित प्राविधिक सहायकों से किसानों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान।
कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया से नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित प्रदेश स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा नवचयनित प्राविधिक सहायकों एवं मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
प्रदेश स्तर पर कृषि विभाग के लिए चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) तथा मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का जनपद स्तर पर भी सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के उपरान्त जनपद रामपुर में कृषि विभाग के लिए नवचयनित 31 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मिलक विधायक श्रीमती राजबाला सिंह, शहर विधायक श्री आकाश सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चन्द्र तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री हरीश गंगवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मिलक विधायक श्रीमती राजबाला सिंह ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि विगत वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। योग्यता एवं मेहनत के आधार पर चयनित होकर नियुक्ति पाने से युवाओं में उत्साह एवं खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान के साथ-साथ देश और प्रदेश के भविष्य की महत्वपूर्ण शक्ति हैं तथा सरकार युवाओं के विकास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर यह सफलता प्राप्त की है, वे उसी मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसानों की सेवा को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र के विकास में अपना योगदान दें।
शहर विधायक श्री आकाश सक्सेना ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ पारदर्शी एवं योग्यता आधारित व्यवस्था के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस विश्वास पर खरा उतरते हुए वे विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें तथा रामपुर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
*31 नए प्राविधिक सहायकों की तैनाती से कृषि कार्यों को मिलेगी गति*
उप कृषि निदेशक श्री राम किशन सिंह ने बताया कि जनपद रामपुर में कुल 75 न्याय पंचायतें हैं, जहां कृषि विभाग की योजनाओं एवं किसानों से संबंधित कार्यों के लिए प्राविधिक सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 12 प्राविधिक सहायक कार्यरत थे। अब 31 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों की उपलब्धता से ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों के माध्यम से किसानों से संबंधित विभिन्न कार्यों के साथ फार्मर रजिस्ट्री, बीज वितरण, फसल संबंधी कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। इससे किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि जनपद के कृषि क्षेत्र एवं किसानों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह, जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नवनियुक्त प्राविधिक सहायक उपस्थित रहे




