नीट पेपर लीक के विरोध में सरीला में कैंडल मार्च, लाठीचार्ज की निंदा।

संवाददाता : ब्यूरो अमित यादव
सरीला /हमीरपुर
नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में तथा प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार शाम सरीला कस्बे में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष नीलम यादव के नेतृत्व में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
कैंडल मार्च जरिया बस स्टैंड से शुरू होकर इंडियन बैंक, चिकवन चौराहा, पुलिस चौकी और नेशले मार्केट से होते हुए ममना स्टैंड पर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि नीट पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले से आहत होकर कई छात्र आत्महत्या तक कर चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में आंदोलन कर रहे युवाओं और छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाया जाना चाहिए। कैंडल मार्च में विधानसभा अध्यक्ष गोकुल राजपूत, नगर अध्यक्ष ब्रजेन्द्र यादव, विशाल, नरेश खटीक, पुष्पेंद्र यादव, लाखन यादव, विक्रम यादव, राजुल यादव, सुरेंद्र राजपूत, पवन, नरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल रहे। उधर, कैंडल मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सरीला चौकी प्रभारी ईश्वर नारायण पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे।




