रामपुर में बेकाबू ट्रेलर की खड़ी डीसीएम में भीषण टक्कर, मकान में घुसी गाड़ी ,हादसे में किशोर की मौत, दो घायल ।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
रामपुर जौनपुर
बतादे कि रामपुर थाना क्षेत्र के मई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर की ओर से भदोही जा रहा तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर (संख्या: UP 50 ET 8420) सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 (डीसीएम) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसे में मकान के बाहर सो रहे एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मकान के बगल स्थित शीतला माता मंदिर का छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मकान के बरामदे में चारपाई पर दो सगे भाई सो रहे थे। डीसीएम की चपेट में आने से सूरज गुप्ता (17 वर्ष), पुत्र राजेश गुप्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसका भाई राजकुमार (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। पास की दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी, पत्नी रामजियावन गुप्ता भी हादसे में घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने मृतक सूरज गुप्ता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और टाटा 1109 को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मृत्यु हुई है, जबकि एक महिला सहित दो लोग घायल हैं। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।




