भदोही बॉर्डर पर रामपुर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की हुई जांच।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
रामपुर, जौनपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना रामपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में भदोही जनपद की सीमा स्थित दुबेपुर पुलिया पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद की सीमाओं पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।




