कासगंज में स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा।

संवाददाता: जीतेन्द्र सिंह कासगंज
कासगंज
उत्तर प्रदेश जनपद के नगला बेरिया ग्राम पंचायत अहरौली में प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। अत्यधिक बिल आने और बिना पूर्व सूचना के बिजली कटने की समस्याओं से त्रस्त होकर दर्जनों ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब से गांव में प्रीपेड मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली का बिल उनकी उम्मीद से कहीं अधिक आ रहा है। साथ ही मीटर में बैलेंस कम होते ही बिना किसी चेतावनी के बिजली काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
इस जन आक्रोश में यतेन्द्र प्रताप सिंह,चंद्रवती, शीतला, माया, सीमा,लता, रीना, राजकुमारी,चंद्रपाल, छत्रपाल, सुमन, उषा, प्रीति आदि ग्रामीणों ने विरोध जताया है।
प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में विभाग को अपनी मांगें सुना दी हैं।वर्तमान प्रीपेड मीटरों को तुरंत उखाड़कर गांव से हटाया जाए। पुराने पोस्टपेड मीटर को फिर से बहाल किया जाए ताकि बिलिंग में पारदर्शिता बनी रहे। ग्रामीणों ने उन मीटरों की जांच की भी मांग की है जो अत्यधिक तेजी से रीडिंग दिखा रहे हैं।
“इन नए मीटरों ने हमारी जेब पर भारी बोझ डाल दिया है। हमें समझ नहीं आता कि बैलेंस इतनी जल्दी खत्म कैसे हो जाता है। हमारी मांग है कि विभाग तुरंत पोस्टपेड मीटर वापस लगाए।”
— स्थानीय निवासी
फिलहाल बिजली विभाग के अधिकारियों की ओर से इस विरोध प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ग्रामीण अब इस मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाने की तैयारी में हैं।




