सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण, विधायक डॉ. सुनील पटेल ने गुणवत्ता पर दिया जोर।

संवाददाता: आशीष सिंह
रोहनिया वाराणसी
विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अपने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिरसा अयोध्यापुर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को समयबद्ध और मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं और आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यकर्ता, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास के लिए अहम बताया।




