अमूल डेयरी के बाहर मजदूरों का हंगामा, 3 साल से वेतन न बढ़ने पर फूटा गुस्सा महिला कर्मी भी शामिल।

संवाददाता: आशीष सिंह
फूलपुर वाराणसी
वाराणसी जनपद के फूलपुर क्षेत्र स्थित बनास अमूल डेयरी के बाहर उस समय माहौल गरमा गया, जब बड़ी संख्या में मजदूर अपने वेतनमान में वृद्धि की मांग को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे। यह डेयरी प्लांट, जिसका उद्घाटन कुछ वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, आज मजदूर असंतोष का केंद्र बनता नजर आया।
मजदूरों का आरोप है कि वे पिछले तीन वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनके वेतन में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है। बढ़ती महंगाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच वर्तमान वेतन में गुजर-बसर करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। इसी के चलते मजदूरों ने सामूहिक रूप से अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल रहीं, जिन्होंने अपने अधिकारों और सम्मानजनक वेतन की मांग को लेकर जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। मजदूरों का कहना है कि कई बार प्रबंधन से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
वहीं, जब अमूल कंपनी के कुछ कर्मचारी बाहर आकर मजदूरों से बातचीत करने पहुंचे, तो कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आ पाया। इससे मजदूरों में नाराजगी और बढ़ गई है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।



