सीतापुर में फर्जी क्लीनिक का खेल: बिना डॉक्टर और लाइसेंस के चल रहा इलाज, ग्रामीणों की जान से खिलवाड़।

संवाददाता : आलोक सिंह
सीतापुर
सीतापुर जनपद के सीएससी परसेंडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भावना में एक फर्जी तरीके से मेडिकल स्टोर और क्लीनिक संचालित होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना किसी योग्य डॉक्टर और बिना लाइसेंस के यहां मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्लीनिक पर न तो कोई बोर्ड लगा है और न ही किसी डॉक्टर की मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद यहां मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है और दवाइयां दी जा रही हैं। भोले-भाले ग्रामीण झांसे में आकर यहां इलाज करा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मेडिकल और क्लीनिक अंकित यादव नामक व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी चिकित्सीय योग्यता के मरीजों का इलाज करना गंभीर लापरवाही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जब इस संबंध में सवाल उठाए जाते हैं, तो संचालक स्पष्ट जवाब देने से बचता है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर ऐसे फर्जी क्लीनिक पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी अनहोनी से पहले ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




