ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता 02 माह पूर्व घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को मैहर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया।

संवाददाता: जिला ब्यूरो सुमित मलिक
कटनी/मध्यप्रदेश
पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा थाना क्षेत्र से गुम होने वाले नाबालिग बालक-बालिकाओं के प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही करते हुए उनकी सकुशल दस्तयाबी हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में नाबालिग बालक-बालिकाओं की पतासाजी एवं सकुशल दस्तयाबी के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। लगभग 02 माह पूर्व अपनी मां से नाराज होकर घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को मुखबिर सूचना के आधार पर मैहर से सकुशल दस्तयाब कर कटनी लाया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 04.08.2026 को खिरहनी फाटक, कटनी निवासी फरियादिया द्वारा थाना कोतवाली उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री दिनांक 01.08.2026 से घर से नाराज होकर बिना बताए कहीं चली गई है। फरियादिया द्वारा नात-रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर बालिका की काफी तलाश की गई, किंतु उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 847/26, धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मां की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थी बालिका दौरान विवेचना पुलिस टीम द्वारा बालिका के माता-पिता से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में बालिका की मां द्वारा बताया गया कि घर के काम को लेकर बालिका को डांट दिया गया था, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए घर से चली गई थी। पुलिस टीम द्वारा बालिका के नात-रिश्तेदारों एवं परिचितों से संपर्क कर लगातार पतासाजी की गई, लेकिन प्रारंभ में बालिका के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा बालिका की लगातार तलाश एवं संभावित स्थानों पर पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से बालिका के मैहर में होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली से पुलिस टीम को तत्काल मैहर रवाना किया गया, जहां पुलिस टीम द्वारा नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर कटनी लाया गया। बालिका के सकुशल मिलने की सूचना उसके माता-पिता को दी गई। परिजनों के थाना कोतवाली उपस्थित होने पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर बालिका को उनके सुपुर्द किया गया।
बालिका की काउंसलिंग कर दी समझाइश
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा नाबालिग बालिका की काउंसलिंग की गई तथा उसे समझाइश दी गई कि भविष्य में किसी बात से नाराज होने पर इस प्रकार बिना बताए घर से न जाए तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में अपने माता-पिता अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दे। साथ ही बालिका के माता-पिता को भी बच्चों की गतिविधियों एवं भावनाओं पर ध्यान रखने तथा उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की समझाइश दी गई।
अपनी पुत्री को सकुशल पाकर परिवारजनों द्वारा कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं संवेदनशील प्रयासों के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।
पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय,* सउनि. रामेश्वर प्रसाद पटेल, आर. प्रवीण सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन एवं अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




