कटनी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी की दबंगई, शीशा तोड़कर गाड़ी में घुसने का वीडियो वायरल।

संवाददाता: सुमित मलिक
कटनी मध्यप्रदेश
कटनी जिले के एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी जबरदस्ती एक वाहन का शीशा तोड़कर खिड़की के रास्ते अंदर घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना ने आम लोगों के बीच नाराजगी पैदा कर दी है।
बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी न केवल वाहन चालकों के साथ अभद्रता कर रहे थे, बल्कि जबरन गाड़ियों की चाबी निकालने और पैसे वसूली जैसे आरोप भी सामने आ रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिसकर्मी आक्रामक रवैया अपनाते हुए वाहन चालक के साथ जबरदस्ती कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर क्या कदम उठाता है।



