रोड नहीं तो वोट नहीं के ग्रामीणों ने लगाए बैनर, 2027 चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी।

संवाददाता: राजेश कुमार मंडल प्रभारी
बन्डा/शाहजहाँपुर
विकासखंड बन्डा क्षेत्र के गांव रामनगर, बिहार, तिहार, ढुकरी बुजुर्ग, खाखरा, चिकटिया, खखरा बुजुर्ग के ग्रामीणों ने पक्की सड़क न बनने से नाराज होकर मुख्य रास्तों और स्कूल की दीवारों पर “रोड नहीं तो वोट नहीं” के बैनर लगा दिए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बन्डा-बिलसंडा हाईवे से भौरखेड़ा खुर्द, कुंडरा, चिकटिया, टुकरी बुजुर्ग होते हुए बिहार-रामनगर तक जाने वाली सड़क वर्षों से कच्ची पड़ी है। बरसात में सड़क पर घुटने भर कीचड़ हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्रामीण प्रमोद कुमार, राजेश यादव, सतीश कुमार, रविन्द्र कुमार, सत्यपाल सिंह ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए कई बार विधायक से लेकर जिलाधिकारी तक को ज्ञापन दिया गया, लेकिन आज तक सड़क पक्की नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आने वाले चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने
शासन-प्रशासन से जनहित में जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।




