त्रिपदा पब्लिक स्कूल में एकता और अखंडता के संकल्प के साथ मना राष्ट्रीय एकता दिवस।

संवाददाता: आशीष सिंह
बड़ागांव/वाराणसी
विकासखंड के गागकला में स्थित त्रिपदा पब्लिक स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।
विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी विद्यालय में विद्यार्थियों की कक्षा के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए “राष्ट्रीय एकता दिवस” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रीय एकता तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर से यूनिटी रैली भी निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कन्हैया लाल पटेल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एकता, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अशोक पाण्डेय, उप प्रबंधक प्रेमचंद सिंह, सह-निर्देशिका प्रमिला वर्मा, उप प्रधानाचार्य शिवशंकर मौर्य, शैक्षणिक निदेशक राकेश चौबे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।




