व्यापारियों से जनसंपर्क कर समस्याएं सुनीं, क्षेत्रीय नेतृत्व को समर्थन देने की अपील।

संवाददाता: आशीष सिंह
पिंडरा/वाराणसी
लोकजन सोशलिस्ट पार्टी (एलएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा ने रविवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ पिंडरा बाजार में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास, व्यापारिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बाजार की सड़क, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, सफाई, बिजली, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। डॉ. विश्वकर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए स्थानीय नेतृत्व और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने उन्हें भारी समर्थन देने का भरोसा जताया। कई व्यापारियों ने कहा कि वे इस बार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्रीय व्यक्ति को समर्थन देंगे। उनका कहना था कि डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा सुख-दुख के साथी हैं और क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं, इसलिए उन्हें विधानसभा भेजना आवश्यक है। जनसंपर्क अभियान में अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों में असंतोष और आक्रोश भी देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्यामधनी भारती, इदरीश खान, घनश्याम यादव, रवि पटेल, सुनील चौहान, साहिल खान, सभाजीत यादव, शिव विश्वकर्मा, विशाल जायसवार, विनय पाल, रामजक पटेल, प्रधान बसंत पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क जारी रखने का संकल्प लिया।




