पिंडरा में गरजीं सिराथू विधायक पल्लवी पटेल, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश सरकार पर साधा निशाना।

पिंडरा/वाराणसी
वाराणसी जनपद के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें सिराथू विधायक पल्लवी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों के बीच संगठन की नीतियों और विचारों को पहुंचाएं तथा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दें।
पल्लवी पटेल ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनता के बीच काम करेगा तो आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
सम्मेलन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रजनीश पटेल ने की। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय पटेल, राजेश पटेल, गगन प्रकाश यादव,राजेश पटेल प्रधान, रामलाल पटेल, राधेश्याम, उर्मिला विश्वकर्मा, अनीता पटेल, पंकज सेठ, सुरजीत सिंह, श्यामजी यादव, राजकुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में अपना दल (कमेरावादी) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ गठन और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




