पीएचसी हलिया में धमके डीएम, गैर हाजिर मिले प्रभारी चिकित्साधिकारी।

मिर्जापुर
दवा वितरण में अनियमितता पर फार्मासिस्ट के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश विशेष लोक अदालत कार्यक्रम के बाद शनिवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार और मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अवधेश कुमार बिना किसी स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर थे। इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष की जांच में दवाओं के वितरण का इंडेक्स नहीं मिला और न ही वितरण का कोई व्यवस्थित अभिलेख पाया गया। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने फार्मासिस्ट अजय कुमार कुशवाहा के विरुद्ध विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने तथा मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।




