गैर मान्य कक्षाओं के संचालन पर बीईओ रामपुर की बड़ी कार्रवाई, स्कूल को जारी हुआ नोटिस।

संवाददाता: आशीष सिंह
रामपुर ,जौनपुर
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों एवं शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खंड शिक्षा अधिकारी रामपुर द्वारा क्षेत्र के निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोटीगांव स्थित डॉक्टर विक्रमादित्य टारगेट पब्लिक स्कूल में गंभीर अनियमितता सामने आई।
जांच में पाया गया कि विद्यालय को केवल कक्षा 1 से 5 तक संचालन की मान्यता प्राप्त है, जबकि विद्यालय परिसर में कक्षा 6 से 10 तक की कक्षाएं भी संचालित की जा रही थीं। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 का स्पष्ट उल्लंघन बताया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के तहत विद्यालय प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से गैर मान्य कक्षाओं का संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विद्यालय की मान्यता निरस्त करने तथा विद्यालय को सील करने की संस्तुति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, क्योंकि गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भविष्य में बोर्ड परीक्षाओं एवं प्रमाणपत्रों को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गैर मान्य विद्यालयों एवं अवैध कक्षा संचालन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।




