कटनी शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर कांग्रेस ने जताई चिंता, पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता: जिला ब्यूरो सुमित मलिक
कटनी मध्यप्रदेश
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक महोदय से भेंट कर कटनी शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
एड. अमित शुक्ला ने कहा कि शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से आम नागरिक भय एवं असुरक्षा के वातावरण में जीवन व्यतीत करने को विवश हैं। हाल ही में लखेरा क्षेत्र में चाकू से गोदकर की गई हत्या सहित अन्य घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं। अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है, जिससे उनके हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से शहर में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई तथा थाना स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई।
एड. अमित शुक्ला ने कहा कि यदि शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और चाकूबाजी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी शहर, कटनी जनहित एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए वृहद जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष अजय जैसवानी, सुशील जायसवाल, मंडलम अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्याम यादव, उपाध्यक्ष विष्णु पटेल, रमेश अहिरवार, अंशु गुप्ता एवं हर्षित मिश्रा उपस्थित रहे।




