कासगंज में पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई,मुठभेड़ के बाद तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार, एक घायल।

संवाददाता: संजय सिंह
कासगंज
जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोरों थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। आरोपियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल और अवैध असलहा-कारतूस बरामद किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कासगंज, ओ.पी. सिंह के निर्देशन में अंजाम दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 28/29 जून 2026 की रात को सोरों थाना क्षेत्र में बदमाशों की मौजूदगी की गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर सोरों पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन वाहन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान शुरू किया।इसी दौरान सहावर की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखे। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ और आरोपियों को पकड़ने के लिए जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि यह मोटरसाइकिल एक दिन पहले ही कोतवाली कासगंज क्षेत्र से लूटी गई थी। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में मुख्य रूप लोकेश भाटी प्रभारी निरीक्षक, थाना सोरों और चंचल कुमार प्रभारी एसओजी टीम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के मामले में थाना सोरों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




