नौगढ़ तहसील में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 160 शिकायतें पहुंचीं।

संवाददाता: अभिषेक कुमार
चंदौली
चंदौली में जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिसकी शुरुवात जिलाधिकारी चन्दौली व सपा सांसद छोटे लाल खरवार ने पौध रोपण कर किया नौगढ़ तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।
शनिवार दोपहर 2 बजे आयोजित समाधान दिवस में कुल 160 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्विवाद वरासत समेत अन्य मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने आवास, बिजली सहित अन्य समस्याएं उठाईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कर पात्र लोगों के मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सबसे अधिक शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग से संबंधित रहीं। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




