एक महीने से लापता 13 वर्षीय सूफियान का नहीं लगा सुराग, परिवार का रो-रो कर बुरा हाल।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
जनपद सीतापुर के थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम छतवना से 13 वर्षीय किशोर सूफियान पुत्र वकील के लापता होने का मामला सामने आया है। करीब एक महीने बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिवार बेहद परेशान और सदमे में है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि सूफियान करीब एक महीने पहले अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाना इमलिया सुल्तानपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
परिजनों का कहना है कि एक महीने बीत जाने के बाद भी सूफियान का पता न चलने से पूरा परिवार चिंता में डूबा हुआ है। मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ-साथ संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
परिवार ने प्रशासन और आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सूफियान के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचित करें।




