नलकूप से सोलर पैनल के तार व पाइप चोरी कर ले जा रहा अभियुक्त गिरफ्तार।

सेवापुरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावां स्थित जलकल पानी की टंकी के नलकूप से सोलर पैनल में लगे तार और प्लास्टिक पाइप चोरी कर ले जा रहे एक अभियुक्त को नलकूप ऑपरेटर और गार्ड ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अभियुक्त को चोरी के सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गणेश सरोज पुत्र स्व. चिंतामणि, निवासी ग्राम चकसनात पलहिया, थाना चौरी, जनपद भदोही, उम्र करीब 33 वर्ष के रूप में हुई है। आरोप है कि वह नलकूप से चोरी किए गए सोलर पैनल के तार और प्लास्टिक पाइप को बोरी में रखकर मोटरसाइकिल से ले जा रहा था। इसी दौरान नलकूप ऑपरेटर और गार्ड की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने उसे पकड़ लिया।
अभियुक्त के कब्जे से एक बोरी में चोरी किए गए सोलर पैनल के तार, पांच प्लास्टिक पाइप के टुकड़े तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP 65 AB 8578 बरामद हुई। अभियुक्त को बरामद सामान और मोटरसाइकिल समेत थाना कपसेठी लाया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




