चोलापुर में हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद।

संवाददाता: आशीष सिंह
वाराणसी
चोलापुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों आशीष बनवासी (19) निवासी हड़ियाडीह और दीपक सिंह (27) निवासी बरथरा खुर्द, थाना चौबेपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को 31 अगस्त को दोपहर 12:10 बजे कटहिलगंज चौराहे से बनारस जाने वाली सड़क पर बीर लोरिक इंटर कॉलेज के पास से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को चोलापुर क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। बाद में मृतक की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई। मृतक की पत्नी सीता बनवासी की तहरीर पर 26 अगस्त को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के नाम प्रकाश में आए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 20/21 अगस्त की रात ईंट-भट्ठे पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद घायल व्यक्ति को मोटरसाइकिल से चोलापुर क्षेत्र ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घबराकर शव को सड़क किनारे धान के खेत में फेंक दिया गया। घटना में प्रयुक्त UP65 ES 4052 स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक एस.आर गौतम, हेड कांस्टेबल अननेर सिंह, हेड कांस्टेबल मोहम्मद शकील अहमद और कांस्टेबल गोवर्धन प्रसाद शामिल रहे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




