सपने में मौलवी के कहने पर खेत में बनवा दी मजार, विरोध के बाद खुद ही तुड़वाई; जांच में जुटी पुलिस ।

संवाददाता :कुमार मंडल प्रभारी
शाहजहांपुर
सिंधौली थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में गुरुवार को खेत में रातोंरात मजार बनाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने निर्माण देखा तो विरोध जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कराने वाले युवक ने स्वयं लोगों की मदद से मजार को ध्वस्त करा दिया। इसके बाद वहां धार्मिक ध्वज लगा दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मजार का निर्माण कराने वाला युवक हिंदू समुदाय का है और दूसरे गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि उसके परिवार के कई सदस्य बीमार हैं। उसका दावा है कि उसे सपने में एक मौलवी ने मजार बनवाने के लिए कहा था। उसे विश्वास था कि ऐसा करने से परिवार की परेशानियां दूर हो जाएंगी। इसी मान्यता के चलते उसने अपने खेत में रातोंरात निर्माण करा दिया। गुरुवार सुबह खेत में मजार बनी देख ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों को सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और सिंधौली पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के विरोध और मौके पर भीड़ जुटने के बाद युवक ने स्वयं लोगों की मदद से निर्माण ध्वस्त करा दिया। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने वहां धार्मिक ध्वज स्थापित कर दिया। संगठनों ने अवैध निर्माण कराने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सिंधौली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि युवक ने बिना किसी अनुमति के खेत में मजार का निर्माण कराया था। निर्माण अवैध होने के कारण उसी युवक ने लोगों की सहायता से उसे हटवा दिया। गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।




