नौगढ़ में दो बाइकों की टक्करः विद्युत लाइनमैन समेत दो गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर।

संवाददाता-: बलवंत यादव की रिपोर्ट
नौगढ़/चंदौली
चंदौली जिले के नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे तेनुआ पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विद्युत विभाग का एक लाइनमैन भी शामिल है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ पहुंचाया।
मरवटिया गांव निवासी 35 वर्षीय मुंशी, जो विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं, अपनी पत्नी को लेने ससुराल सोनवार जा रहे थे। तेनुआ पुल के पास सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस ने मुंशी को सीएचसी नौगढ़ पहुंचाया, जबकि दूसरे घायल व्यक्ति को उनके परिजनों ने निजी वाहन से सोनभद्र के लोड़ी अस्पताल ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कई कर्मचारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचे। सीएचसी में मौजूद डॉ. चंद्रा ने बताया कि मुंशी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
दूसरे मोटरसाइकिल चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में उसका पैर टूट गया है। परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से सोनभद्र के लोड़ी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।
इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए तेनुआ पुल के पास यातायात प्रभावित रहा।




