अम्बेडकरनगर,जायरीनों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और इंतजामिया कमेटी ने की व्यवस्था– अजीज अशरफ।

संवाददाता: अदनान अहमद
अम्बेडकरनगर,
विश्व प्रसिद्ध दरगाह सुल्तान सैय्यद मखदूम अशरफ जहाँगीर सिमनानी के सालाना उर्स को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और इंतजामिया कमेटी ने जायरीनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।दरगाह परिसर, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, यातायात संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।उर्स के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। दरगाह परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि जायरीनों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम वातावरण उपलब्ध हो सके।इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद अजीज अशरफ ने बताया कि प्रशासन और इंतजामिया कमेटी के आपसी समन्वय से उर्स की सभी व्यवस्थाएं पूरी गंभीरता के साथ की गई हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक जायरीन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुकून के साथ जियारत व इबादत कर सकें।इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष अजीज अशरफ ने सभी जायरीनों से अपील की कि वे प्रशासन और इंतजामिया कमेटी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, पुलिस और इंतजामिया कमेटी के सहयोग से इस वर्ष भी उर्स शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होगा।



