जनगणना-2027 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण में गंभीरता से भाग लेने के निर्देश।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत जानने जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाती हैं। इन आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलती है। इसलिए जनगणना कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और जनगणना कर्मियों की जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से प्राप्त करें और जनगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं को अच्छी तरह समझ लें। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करना होगा, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जनगणना के उद्देश्य और महत्व की जानकारी सरल भाषा में दें, ताकि लोग स्वेच्छा से सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
*स्व-गणना में भी नागरिकों की भागीदारी जरूरी*
जिलाधिकारी ने जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है, जिसमें नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सही-सही दर्ज करें।
उन्होंने बताया कि जनगणना के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित कार्य एक दिसम्बर 2026 से शुरू होना प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनगणना कर्मियों और आमजन का सहयोग आवश्यक है।
*सटीक जानकारी से बनेगी विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला*
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में दर्ज प्रत्येक जानकारी का राष्ट्रीय महत्व है। इसलिए कोई भी जानकारी जल्दबाजी या लापरवाही में दर्ज न की जाए। प्रगणक प्रत्येक परिवार से विनम्रतापूर्वक संवाद करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सही आंकड़े एकत्र करें। सुपरवाइजर भी अपने अधीनस्थ प्रगणकों के कार्यों में सहयोग करें तथा आने वाली समस्याओं का समय से समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।




