उद्घाटन से पहले नगेसरा घाट पुल के संपर्क मार्ग पर दरारें, ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

संवाददाता: आशीष सिंह
मड़ियाहूं /जौनपुर
रामपुर ब्लॉक क्षेत्र के भवानीगंज (खरसीपुर) से सुल्तानपुर को जोड़ने वाले नगेसरा घाट पुल के संपर्क मार्ग पर पहली ही बरसात के बाद दरारें पड़ने और पुल के किनारे निर्मित नाली के क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है और उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का अभी तक उद्घाटन भी नहीं हुआ है, लेकिन पहली बारिश में ही सड़क कई स्थानों पर फटने लगी है तथा किनारे बनी नाली भी ध्वस्त हो गई है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका है। कई अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने सरकार से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग भवानीगंज (खरसीपुर) से सुल्तानपुर तक आवागमन का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और इसके चालू होने से दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
विरोध जताने वालों में भूपेंद्र नाथ राय, रामसूरत प्रजापति, विपिन सेठ, मनोज शर्मा, अजीत सिंह, सतीश धीवर, रामबदन मौर्य, रंजीत शर्मा, विनोद शर्मा सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने शीघ्र जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की।




