कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर व्यापारियों संग मंथन, एसीपी बोले- सुरक्षा व सुविधाओं में न हो कोई कमी।

संवाददाता: जितेंद्र जायसवाल सपालू
फूलपुर वाराणसी
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम पिंडरा में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) प्रशांत सिंह ने व्यापारियों व विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसीपी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने मुख्य मार्गों पर स्थित सभी होटल, ढाबा और भोजनालय संचालकों को श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्धारित मूल्य सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कांवड़ मार्ग पर संचालित मीट और मछली की दुकानों को मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर दूर अथवा गांव के अंदर संचालित करने को कहा, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
एसीपी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने तथा जिन प्रतिष्ठानों पर कैमरे नहीं हैं, वहां शीघ्र कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने और वाहन चालक का नाम व मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक का संचालन फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने किया।
बैठक में एग्रो पार्क के उद्यमी बृजेश गुप्ता, आनंद जायसवाल व रवि गुप्ता, अमूल प्लांट के प्रशासनिक अधिकारी वीरम प्रजापति, फूलपुर व्यापार मंडल के मुन्ना चौरसिया,जेपी पटेल,राजकुमार गुप्ता राजू , रमेश विश्वकर्मा,विक्की गोंड,दिपक बाबा,भरत जायसवाल,पिंडरा व्यापार मंडल के रमेश जायसवाल, संदीप सेठ ,मंगारी व्यापार मंडल के पप्पू सिंह सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं व्यापारी उपस्थित रहे।




